चंपावत। जिले में पहली बार आयोजित होने जा रही कैबिनेट बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक को भव्य एवं व्यवस्थित रूप देने के लिए प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल समेत अन्य स्थानों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कैबिनेट बैठक का मुख्य आयोजन बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर भवन में प्रस्तावित है। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों को उत्तराखंड की पारंपरिक एवं समृद्ध लोक-संस्कृति की थीम पर विशेष रूप से सजाया गया है।
भवन की दीवारों और प्रांगण में उकेरी गई ऐंपण कला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित कर रही है। पारंपरिक ऐंपण की आकर्षक आकृतियां आयोजन स्थल पर आने वाले अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बैठक स्थल, अतिथियों के प्रवास, स्वागत, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य बैठक स्थल के साथ ही अतिथियों के आवागमन और प्रवास स्थलों पर भी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अब तक पूरी की जा चुकी तैयारियों और शेष कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। प्रशासन द्वारा शेष कार्यों को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कैबिनेट बैठक के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
आयोजन स्थल की सजावट में स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रमुखता दिए जाने से चंपावत की सांस्कृतिक पहचान भी इस महत्वपूर्ण आयोजन के माध्यम से सामने आएगी।

