उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

भीमताल : चाँफी–पदमपुरी मार्ग की बदहाली पर गड्ढे में बैठे कांग्रेस नेता मनोज शर्मा, बोले— 15 दिन में सड़क नहीं सुधरी तो श्रमदान से करेंगे निर्माण

ख़बर शेयर करें

10 वर्षों से जर्जर सड़क को लेकर सरकार पर साधा निशाना, कहा— जनता की पीड़ा नहीं समझ रही सरकार, केवल आश्वासनों तक सीमित जनप्रतिनिधि

भीमताल। चाँफी से पदमपुरी तक मुख्य मोटर मार्ग की पिछले करीब 10 वर्षों से चली आ रही बदहाली को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को उन्होंने सड़क के पानी से लबालब भरे गड्ढे में बैठकर एकाकी धरना-प्रदर्शन किया और इसे जनता की आवाज़ तथा सरकार के कथित विकास मॉडल के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बताया।

मीडिया को जारी बयान में मनोज शर्मा ने कहा कि इस सड़क की दयनीय स्थिति से क्षेत्र की जनता लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि लगातार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापनों के माध्यम से सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

धरने के दौरान शर्मा ने कहा कि उनका यह एकाकी प्रदर्शन पूरे प्रदेश को यह संदेश देने के लिए पर्याप्त है कि वर्तमान सरकार के विकास के दावों और जमीनी हकीकत में कितना बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता वर्षों से बदहाल सड़क पर सफर करने को मजबूर है, जबकि सरकार केवल जुमलेबाजी और झूठे विकास के दावे कर रही है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सांसद, विधायक और कैबिनेट मंत्री पिछले दस वर्षों से केवल आश्वासन देते रहे हैं। नेताओं का तो “कायाकल्प” हो गया, लेकिन जनता की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। शर्मा ने कहा कि जब मुख्य मोटर मार्ग की यह स्थिति है, तो लिंक मार्गों और पैदल रास्तों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि उनका संघर्ष जनता के हितों के लिए है और वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो क्षेत्र की जनता के सहयोग से श्रमदान कर सड़क को स्वयं ठीक किया जाएगा, चाहे इसके लिए कितना भी खर्च क्यों न उठाना पड़े।

मनोज शर्मा ने कहा कि यदि जनता को अपनी सड़क स्वयं बनानी पड़ी, तो यह भाजपा सरकार के विकास मॉडल की सच्चाई पूरे प्रदेश और देश के सामने उजागर कर देगा।

उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ठोस कार्रवाई चाहती है।