उत्तराखण्ड ख़बरें गढ़वाल हरिद्वार

विजिलेंस का बड़ा एक्शन: एक ही दिन में दो अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, विभागों में मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें

 सहायक कृषि अधिकारी 10 हजार और नारसन ब्लॉक के युवा कल्याण अधिकारी 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए, विजिलेंस ने दर्ज किए मुकदमे
हरिद्वार। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को हरिद्वार जिले के दो अलग-अलग विकासखंडों में तैनात अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एक ही दिन में दो अधिकारियों की गिरफ्तारी से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव पर कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी विजिलेंस को दी, जिसके बाद विभाग ने मामले की जांच कर ट्रैप की योजना बनाई।

तय रणनीति के तहत टीम ने आरोपी अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई नारसन विकासखंड में की गई। यहां क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार पर 35 हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया।

कार्रवाई के दौरान जैसे ही आरोपी को टीम की मौजूदगी का आभास हुआ, उसने कथित तौर पर रिश्वत की रकम को शौचालय के पाइप में छिपाने की कोशिश की। हालांकि विजिलेंस अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रकम बरामद कर ली और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस विभाग ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामलों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं आरोपियों की संलिप्तता अन्य मामलों में तो नहीं रही है।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी को रिश्वतखोरी की अनुमति नहीं दी जाएगी। विभाग ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दी जाए।
एक ही दिन में दो अधिकारियों के रिश्वत लेते पकड़े जाने की घटना ने सरकारी महकमों में हलचल बढ़ा दी है। वहीं आम लोगों ने विजिलेंस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।