उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

नैनीताल के ज्योलीकोट में दो वाहनों की टक्कर के बाद बवाल, प्रधान से अभद्रता और मारपीट का आरोप; कार्रवाई की मांग पर धरने पर बैठे जनप्रतिनिधि

ज्योलीकोट के आमपड़ाव में पोलो और ऑल्टो टैक्सी की जोरदार भिड़ंत, तीन घायल; हादसे के बाद नशे में धुत युवकों ने स्थानीय लोगों और प्रधान से की मारपीट

ज्योलीकोट में दो गाड़ियों की टक्कर के बाद मारपीट, घायलों को अस्पताल और आरोपियों को पुलिस नैनीताल कोतवाली

रॉन्ग साइड से आई पोलो ने ऑल्टो टैक्सी को मारी टक्कर, तीन घायल; हादसे के बाद मारपीट से हाईवे पर लगा जामले आई

रिपोर्टर – गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योलीकोट से आगे आमपड़ाव के समीप दो वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑल्टो टैक्सी में सवार तीन लोग घायल हो गए।

आरोप है कि दुर्घटना के बाद पोलो कार में सवार नशे में धुत युवकों ने स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे ज्योलीकोट के ग्राम प्रधान के साथ भी अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैनीताल की ओर से हल्द्वानी जा रही फॉक्सवैगन पोलो कार और हल्द्वानी की ओर से नैनीताल आ रही ऑल्टो टैक्सी के बीच आमपड़ाव के पास टक्कर हो गई। टैक्सी यूनियन से जुड़े गिरीश भट्ट के अनुसार, उनकी यूनियन की ऑल्टो टैक्सी हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही थी।

इसी दौरान रॉन्ग साइड से आई पोलो कार ने टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी सड़क किनारे पहाड़ी की तरफ धकेलते हुए पलट गई। वाहन में सवार तीन लोग अंदर ही फंस गए और घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने और मदद पहुंचाने का प्रयास किया। इसी बीच आरोप है कि पोलो कार में सवार युवक नशे की हालत में स्थानीय लोगों से गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ग्राम प्रधान से भी अभद्रता और मारपीट का आरोप

घटना की सूचना और हंगामे के बीच ज्योलीकोट के ग्राम प्रधान नवल कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर बाधित यातायात को देखते हुए संबंधित लोगों से रास्ता खाली कराने को कहा। आरोप है कि इस पर पोलो कार सवार युवकों ने प्रधान के साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

हादसे में घायल रौशन, अमित और हिमांशु को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल नैनीताल लाया गया। अस्पताल में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, अस्पताल की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहिया वाहन दुर्घटना के तीन घायल भी अस्पताल पहुंचे थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू की।

कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस चौकी में धरना

घटना से नाराज स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस चौकी में ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य जिशान्त कुमार, ग्राम प्रधान नवल कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, मनोज बर्गली, पंकज जीना सहित कई स्थानीय युवक मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना था कि सड़क दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करने के बजाय मारपीट और अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Advertisement
Advertisement
Advertisement