नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में डॉ. विजय कुमार को संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं अकादमिक जगत में खुशी की लहर है।
डॉ. विजय कुमार अपनी अकादमिक प्रतिभा, शोध कार्यों और प्रशासनिक अनुभव के लिए लंबे समय से विश्वविद्यालय में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं।
डॉ. विजय कुमार के नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 50 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हैं। इसके साथ ही उनकी एक पुस्तक भी प्रकाशित हो चुकी है।
शोध के क्षेत्र में उनके मार्गदर्शन में अब तक 6 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्राप्त हो चुकी है, जबकि 6 अन्य शोधार्थी वर्तमान में पंजीकृत होकर उनके निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं।
अकादमिक उपलब्धियों के साथ-साथ डॉ. विजय कुमार के पास विश्वविद्यालय प्रशासन एवं विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का भी लंबा अनुभव है।
उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विश्वविद्यालय समन्वयक, देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल ऑफिसर, फ्लाइंग कन्वीनर तथा जैम (GeM) नोडल ऑफिसर सहित कई महत्वपूर्ण एवं गरिमापूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन के दौरान उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता का परिचय दिया है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. विजय कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता एवं परिवार के अटूट सहयोग के साथ-साथ अपने मार्गदर्शक प्रो. एन.एस. बिष्ट को दिया। प्रो. बिष्ट उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन, कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व डीन कॉमर्स तथा आम्रपाली विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के पूर्व कुलपति रह चुके हैं।
डॉ. विजय कुमार की नियुक्ति पर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने भी खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू लोधियाल, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल, डॉ. संतोष, डॉ. शिवांगी, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. दीपिका गोस्वामी, डॉ. अशोक कुमार सहित एलुमनी सेल के डॉ. बी.एस. कालाकोटी, डॉ. एस.एस. सामंत, डॉ. जी.सी. जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना पांडे, डॉ. भुवन आर्य आदि ने डॉ. विजय कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

