कुमाऊं क्राइम ख़बरें हल्द्वानी

इलाज के नाम पर महिला की गर्दन में तेल लगाकर झटका देने का आरोप, मीनाक्षी की मौत के बाद पहलवान गिरफ्तार

इलाज के नाम पर महिला की गर्दन में तेल लगाकर झटका देने का आरोप, मीनाक्षी की मौत के बाद नईम पहलवान गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी में इलाज के नाम पर महिला की गर्दन पर तेल लगाकर झटका देने के बाद उसकी मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या के आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार टाउन धानमिल निवासी राम चन्द्र ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 03 अक्टूबर 2026 को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा (23 वर्ष) का इलाज करने के नाम पर उपचार कर रहा था। आरोप है कि इलाज के दौरान महिला की गर्दन पर तेल लगाकर उसे झटका दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद परिजनों की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 338/2026 दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार पतारसी-सुरागरसी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक मामले में सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। महिला की मौत के मामले में इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Advertisement