उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल हल्द्वानी

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपों पर कांग्रेस का हल्द्वानी में हल्लाबोल

हल्द्वानी। नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को लेकर सियासत गरमा गई है। मामले में एबीवीपी से जुड़े छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सहित अन्य लोगों पर लगे आरोपों के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

 विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर जमकर नारेबाजी की इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की गई।

 हल्द्वानी में नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतर आई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और एबीवीपी से जुड़े लोगों पर इतने गंभीर आरोप लगने के बावजूद सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

 प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि किसी भी आरोपी को राजनीतिक रसूख या संगठन की आड़ में संरक्षण नहीं मिलना चाहिए विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलना या जांच प्रभावित करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो, पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा मिले और दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए।विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। 

उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बेटियों के खिलाफ अपराधों को लेकर सरकार को अपनी जवाबदेही तय करनी होगी विशाल भोजक ने कहा कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है।

 यदि आरोपियों को किसी भी तरह का राजनीतिक संरक्षण देने की कोशिश की गई तो युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी। पीड़िता को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए और जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए।

वहीं राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने भी इस घटना को लेकर चिंता जताई उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान देवभूमि के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान और संघर्ष से भी जुड़ी रही है। ऐसे में बेटियों के खिलाफ इस तरह के गंभीर आरोप सामने आना बेहद चिंताजनक है।

 उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।हरीश पनेरू ने कहा कि महिला सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। पीड़िता को न्याय मिले और मामले की जांच पर किसी भी तरह का दबाव न पड़े।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने का प्रयास नहीं होना चाहिए।

कांग्रेस की ओर से राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में महिला अपराधों की निष्पक्ष जांच, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, महिला हेल्पलाइन और महिला थानों को प्रभावी बनाने तथा पीड़िताओं और उनके परिवारों को सुरक्षा देने की मांग की गई कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

 फिलहाल हल्द्वानी में इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच और सरकार की ओर से इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement