सड़क में 2 दिन पूर्व किया गया डामर लगा उखड़ने। टैक्सी चालकों मे आक्रोश लोनीवी के खिलाफ किया प्रदर्शन।
10 साल बाद हो रहा सड़क का डामरीकरण भी सवालों के घेरे में, टैक्सी चालकों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन, दोबारा डामरीकरण की मांग
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोक निर्माण विभाग लोहाघाट की ओर से इन दिनों लोहाघाट-खेतीखान मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उस समय सवाल उठने लगे, जब कोली ढेक क्षेत्र से लेकर खेतीखान टैक्सी स्टैंड तक किया गया डामरीकरण महज दो दिन के भीतर ही कई स्थानों पर उखड़ने लगा।
सड़क की इस स्थिति से नाराज खेतीखान टैक्सी स्टैंड के वाहन चालकों ने मंगलवार को टैक्सी स्टैंड परिसर में लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए डामरीकरण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और जहां-जहां सड़क उखड़ रही है, वहां दोबारा गुणवत्ता के साथ डामरीकरण कराने की मांग उठाई।
वहीं, कोली ढेक पुल के समीप रहने वाले पूर्व सैनिक सतीश चंद्र पुनेठा ने भी डामरीकरण की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर लोक निर्माण विभाग की ओर से दो दिन पूर्व ही डामरीकरण किया गया था, लेकिन अब सड़क की परत उखड़ने लगी है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टी बिखरी हुई है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के रपटने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क की इस स्थिति से कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
पूर्व सैनिक पुनेठा ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा प्रभावित स्थानों पर दोबारा डामरीकरण कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद हो रहे डामरीकरण के शुरुआती दिनों में ही सड़क उखड़ने लगना विभागीय निगरानी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल सड़क की स्थिति को लेकर टैक्सी चालकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अब देखना होगा कि लोक निर्माण विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और सड़क की गुणवत्ता की जांच कराकर दोबारा डामरीकरण की मांग पर कब तक अमल किया जाता है।



