उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल हल्द्वानी

छात्र संघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग किया तो होगी सख्त कार्यवाही — SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी.

कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, अघोषित रैली, रैश ड्राइविंग और गुटबाजी पर पुलिस की पैनी नजर

हल्द्वानी में छात्रों के दो गुटों की झड़प, अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज

दुर्गा सिटी सेंटर के पास छात्रों के दो गुटों में झड़प के बाद पुलिस अलर्ट, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज

हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर हल्द्वानी शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। देर रात दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। घटना में मारपीट, कुर्सियां तोड़े जाने तथा हेलमेट और लाठी-डंडों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और झड़प के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। दिल्ली चाट दुकान संचालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

SSP ने छात्र नेताओं और समर्थकों को दिया स्पष्ट संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर स्पष्ट किया है कि चुनाव के नाम पर शहर में किसी भी प्रकार की अराजकता, गुटबाजी, हुड़दंग या यातायात व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों, प्रत्याशियों, छात्र नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

SSP ने कहा कि चुनावी गतिविधियां निर्धारित कॉलेज कैंपस की सीमा के भीतर ही रहें। कैंपस से बाहर प्रत्येक व्यक्ति सामान्य नागरिक है और कानून सभी के लिए समान है। छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें।

शाम के बाद गुट बनाकर घूमने पर विशेष निगरानी

पुलिस ने शाम के बाद छात्र गुटों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही है। शाम 5 से 6 बजे के बाद यदि छात्र गुटों द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में झुंड बनाकर घूमने, होटल, रिजॉर्ट, ढाबे या कैफे में समूह बनाकर अड्डेबाजी करने अथवा किसी प्रकार की अव्यवस्था पैदा करने की स्थिति सामने आती है तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

इसके अलावा अवैध रूप से वाहनों का समूह बनाकर मिनी रैली या अघोषित रैली निकालने, रैश ड्राइविंग करने, यातायात व्यवस्था बाधित करने, गुट बनाकर अशांति फैलाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

भारी पुलिस बल तैनात, शहर में बढ़ाई गई निगरानी

छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए हल्द्वानी शहर में पुलिस की ओर से अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की ओर से छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी गतिविधियों के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।

SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि हल्द्वानी की स्थानीय जनता की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी गतिविधियां निर्धारित नियमों और कैंपस की सीमा में रहें, लेकिन शहर में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नैनीताल पुलिस का संदेश साफ

पुलिस ने छात्र नेताओं और चुनाव में भाग ले रहे प्रत्याशियों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि कैंपस में चुनावी गतिविधियां करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन कैंपस के बाहर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

Advertisement