वोट चोरी के आरोपों और राहुल गांधी-प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कालाढूंगी में पुतला दहन
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान
रिपोर्टर नीरज तिवारी
कालाढूंगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को कालाढूंगी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संतोष पांडे ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संतोष पांडे और कोटाबाग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैलाश रेखाड़ी ने संयुक्त रूप से कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर और उसके आसपास लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा सहित इंडिया गठबंधन के विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस द्वारा रोका गया और हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से कालाढूंगी क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाला राजनीतिक संगठन है और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को उठाना विपक्ष का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले विपक्षी नेताओं को रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए उचित नहीं है।
वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत, रमेश पांडे और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भोला दत्त भट्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और शांतिपूर्ण विरोध करना जनता तथा विपक्ष का अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों एवं संविधान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि चुनाव को लेकर किसी भी स्तर पर सवाल उठते हैं तो संबंधित संस्थाओं को उनका स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता अभियान जारी रखेंगे।
पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान चंदन शाह, गंगा सिंह, हरीश आर्य, प्रेम बल्लभ जोशी, कृष्णानंद पांडे, प्रताप बिष्ट, बालम बिष्ट, सरदार राजेंद्र सिंह, गोपाल मेहता, फूल सिंह कुमटिया, महिला नगर अध्यक्ष रंजीत कौर, इंदिरा डंगवाल, अजय राय, जगदीश पांडे, गौरव भट्ट, गौतम आर्य, प्रकाश पांडे, राहुल भट्ट, सुआस्तिक उपाध्याय, विराट तिवारी, अमन, हर्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

