उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल हल्द्वानी

हल्द्वानी में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ जनजागरण मार्च

विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में बुध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक निकला मार्च, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों की उठाई मांग

हल्द्वानी। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को हल्द्वानी में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ जनजागरण मार्च निकाला। विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।

मार्च तिकोनिया स्थित बुध पार्क से शुरू होकर एसडीएम कोर्ट तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को लेकर नारे लगाए। एसडीएम कोर्ट पहुंचने के बाद विधायक सुमित हृदयेश ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान किया और लोकतंत्र की मजबूती तथा मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मताधिकार है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार मतदाता सूची और वोट से जुड़े मामलों में सामने आ रही शिकायतों को लेकर सवाल उठा रही है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची में नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं के कारण आम मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। सुमित हृदयेश ने कहा कि निर्वाचन आयोग को चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।

विधायक ने आरोप लगाया कि “वोट चोरी कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज लगातार उठाती रहेगी।

कांग्रेस की ओर से कहा गया कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को आगे बूथ और वार्ड स्तर तक ले जाकर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने उत्तराखंड सहित देशभर में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अभियान तेज किया है। हल्द्वानी में भी इस अभियान के तहत जनजागरण मार्च आयोजित किया गया।

Advertisement