जैसे-जैसे दिन बीतते जा रहे हैं विधानसभा सीट को लेकर सियासी हलचल तेज होते जा रही है मोहन पाल ने कहा अगर पार्टी टिकट देती है तो नैनीताल से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है
चुनावी मोड में भाजपा संगठन, नैनीताल सीट पर मोहन पाल ने पेश की अपनी दावेदारी
रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला
नैनीताल। नैनीताल विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर दावेदारों की सक्रियता के बीच नैनीताल पहुंचे भाजपा नेता मोहन पाल ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि पार्टी उन्हें नैनीताल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का आदेश देती है, तो वह पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और सीट को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के खाते में लाने का प्रयास करेंगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए मोहन पाल ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा से टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में यशपाल आर्य और उनके बेटे को टिकट दिया गया था, जबकि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने सरिता आर्य को मौका दिया था। हालांकि, उन्हें टिकट नहीं मिल पाया, लेकिन पार्टी के प्रति उनकी सक्रियता और चुनाव लड़ने की इच्छा बनी हुई है।
मोहन पाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व यदि उन्हें नैनीताल विधानसभा से चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी सौंपता है, तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे। उनका लक्ष्य नैनीताल सीट पर भाजपा को मजबूत करना और पार्टी को जीत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि यशपाल आर्य दोबारा नैनीताल विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरते हैं, तो वह उनके सामने भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान को नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की संभावित चुनावी रणनीति और टिकट को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा संगठन की सक्रियता पर बात करते हुए मोहन पाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है, जो वर्ष के सभी 12 महीने चुनावी मोड में रहती है। संगठन के विभिन्न मोर्चे लगातार सक्रिय रहते हैं और जनता के बीच काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन से कोई भी बात छिपी नहीं रहती और पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं की सक्रियता के साथ-साथ क्षेत्र में होने वाले कार्यों पर भी नजर रखता है।
मोहन पाल ने विधानसभा क्षेत्र में जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार काम करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क और जनसमस्याओं के समाधान के माध्यम से संगठन को और मजबूत बनाया जा सकता है।
फिलहाल नैनीताल विधानसभा सीट को लेकर भाजपा में टिकट की दावेदारी और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं तेज होने लगी हैं।
मोहन पाल के इस बयान से साफ है कि वह पार्टी के निर्देश पर चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। हालांकि, आगामी चुनाव में भाजपा किसे अपना प्रत्याशी बनाएगी, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व को ही करना है।

