उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल हल्द्वानी

हल्द्वानी पहुंची हरीश रावत की ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’, बोले—जनता का आभार जताना और संवाद करना ही उद्देश्य

हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ सोमवार को हल्द्वानी पहुंची। जसपुर से शुरू हुई यह यात्रा काशीपुर, रामनगर और कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी पहुंची।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने हरीश रावत का स्वागत किया।

रामनगर में भी रावत के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके बाद यात्रा कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यालय स्वराज आश्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

स्वराज आश्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि वह उत्तराखंड के अपने भाई-बहनों और देवी-देवताओं को धन्यवाद देने के लिए यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो स्नेह और समर्थन दिया है, उसके प्रति आभार व्यक्त करना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

रावत ने कहा कि यात्रा का मकसद जनता के बीच जाकर उनसे संवाद करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा में किसी प्रकार की राजनीति नहीं है। उनका उद्देश्य प्रदेश की जनता से मिलना, उनकी बात सुनना और अपनेपन के रिश्ते को मजबूत करना है।

कांग्रेस हाईकमान की आपत्ति पर 7 अक्टूबर को होगी मुलाकात

यात्रा को लेकर कांग्रेस हाईकमान की ओर से जताई गई आपत्ति के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि वह 7 अक्टूबर को पार्टी हाईकमान से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के सामने वह अपनी बात रखेंगे और यात्रा को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे।

रावत की यात्रा के हल्द्वानी पहुंचने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। स्वराज आश्रम में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए उनके साथ संवाद किया। यात्रा के जरिए रावत लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर समर्थकों और आम लोगों से मुलाकात कर रहे हैं।

राजनीतिक हलकों में रावत की इस यात्रा को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि रावत स्वयं इसे धन्यवाद और जनसंवाद यात्रा बताते हुए राजनीति से अलग बता रहे हैं।

Advertisement