उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें धार्मिक नैनीताल

नैनीताल में निकली भव्य राम बारात, ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा सरोवर नगरी का कोना-कोना

फूलों से सजे रथ पर निकले श्रीराम-सीता, पुष्पवर्षा और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल; पारंपरिक परिधान में महिलाओं ने निभाई सहभागिता, पूरा शहर बना बाराती

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में आज भगवान श्रीराम की भव्य बारात के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रीराम सेवक सभा की ओर से निकाली गई राम बारात में पूरा शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। बाजारों और प्रमुख मार्गों को रोशनी और फूलों से सजाया गया था। सड़कों पर उमड़े श्रद्धालुओं के उत्साह और ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा नैनीताल राममय हो उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो पूरा शहर भगवान श्रीराम की बारात में शामिल होकर बराती बन गया हो।

राम बारात में भगवान श्रीराम और माता सीता फूलों से सजे भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। रथ की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बाजार क्षेत्र में निर्धारित स्थानों से श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम और माता सीता का स्वागत किया। फूलों की वर्षा, भक्ति संगीत और जयकारों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। यह दृश्य भारतीय संस्कृति, आस्था और भगवान श्रीराम के प्रति जनमानस की अटूट श्रद्धा को दर्शा रहा था।

बैंड-बाजों और पारंपरिक रस्मों के साथ निकली बारात

राम बारात में बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों का भी निर्वहन किया गया। शुभ अवसर पर शगुनाखर गाए गए, वहीं महिलाओं ने पारंपरिक कुमाऊंनी पिछौड़ा पहनकर कार्यक्रम में भागीदारी की। बारात में शामिल लोगों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। भगवान श्रीराम के भजनों और भक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक भावपूर्ण बना दिया।

नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। बाजार में मिठाई बांटी गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। राम बारात को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी इस आयोजन में देखने को मिली।

आस्था और परंपरा का प्रतीक बनी राम बारात

भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से जुड़ा यह आयोजन नैनीताल की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राम बारात के माध्यम से मर्यादा, प्रेम, सद्भाव और धर्म के मूल्यों का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और भक्ति का भाव दिखाई दिया। पूरे आयोजन के दौरान ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से सरोवर नगरी का वातावरण गुंजायमान रहा।

ये रहे मौजूद

राम बारात में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, श्रीराम सेवक सभा के संरक्षक घनश्याम लाल साह, अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बावरी, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, पूर्व अध्यक्ष गिरीश जोशी, मुकेश जोशी, विमल चौधरी, हरीश राणा, भुवन बिष्ट, वंदना पांडे, पूर्व सभासद मंजू रौतेला, हीरा रावत, गोधन सिंह, अशोक साह, मोहित लाल साह, प्रदीप जेठी, डॉ. ललित तिवारी, गोविंद सिंह, सानू साह, दिनेश भट्ट, डोल्मा गुरुरानी, मीनू साह, भारती साह, दीप्ति बोरा, दिव्या साह, खुशहाल सिंह कार्की, धर्मेंद्र शर्मा, दीपा चौधरी, कुसुम लता सनवाल, अमिता साह, मोनिका साह, गीता पालीवाल, भावना रावत, ममता, रेनू कोहली, सुनीता, शांति, मुन्नी, पुष्पा, माया, दीपा, मंजू बोरा, डॉ. भावना भट्ट, हेमा, दीपिका, ज्योति कांडपाल, चंद्रा, तुलसी, कांता, मीना, दीपा जोशी, सुमन, गोविंद, लीला, सुंदरी, मोहिनी सहित अनेक श्रद्धालु और नगरवासी बाराती के रूप में शामिल रहे।

Advertisement