नैनीताल के बिरला रोड पर होटल की पार्किंग से नीचे सड़क पर गिरी कार।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार हटाने के बाद यातायात बहाल हुआ।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के बिरला रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक होटल की पार्किंग में खड़ी करने के दौरान एक पर्यटक की कार अनियंत्रित होकर दीवार तोड़ते हुए नीचे सड़क पर जा गिरी।
गनीमत रही कि इस हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया और कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, सड़क पर कार फंस जाने के कारण बिरला रोड पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बिरला रोड स्थित एक होटल की पार्किंग में पर्यटक अपनी कार खड़ी कर रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते कार पार्किंग की दीवार को तोड़ते हुए नीचे सड़क पर जा गिरी। कार पार्किंग की दीवार और बिरला रोड के बीच जाकर फंस गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार को सड़क से हटाने के लिए प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद कार को वहां से हटाया जा सका, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो पाया।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी शहर नैनीताल में पार्किंग स्थलों की सुरक्षा और वाहनों को खड़ा करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संकरी सड़कों और ऊंचाई वाले पार्किंग स्थलों पर थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

