नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ‘खेल, योग एवं मेडिटेशन फॉर ह्यूमन वेलफेयर’ में कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रो. ललित तिवारी को उत्कृष्ट एवं सफल संचालन के लिए सम्मानित किया गया।
सेमिनार के दोनों दिनों में उन्होंने उद्घाटन सत्र, विभिन्न तकनीकी सत्रों तथा समापन (वैलेडिक्टरी) सत्र का कुशलतापूर्वक संचालन किया।
प्रो. ललित तिवारी ने अपने प्रभावशाली मंच संचालन, विषय की गहरी समझ और सत्रों के सुव्यवस्थित समन्वय से कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। उनके संचालन की उपस्थित अतिथियों, शिक्षाविदों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की।
डॉ. ललित तिवारी वर्तमान में कुमाऊं विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में विभागाध्यक्ष, डीन एजुकेशन तथा निदेशक, विजिटिंग प्रोफेसर निदेशालय के महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। अकादमिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्हें विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के सफल संचालन का भी अनुभव है। इससे पूर्व भी वह अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का कुशल संचालन कर चुके हैं।
सेमिनार के समापन समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, कुमाऊं विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. संजय पंत, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत के प्राचार्य डॉ. पुष्पेश पांडे, सेमिनार संयोजक डॉ. रुचि साह तथा आयोजक सचिव डॉ. संतोष कुमार ने प्रो. ललित तिवारी को शॉल ओढ़ाकर एवं हिमालय का सुंदर चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस सम्मान को प्रो. तिवारी की शैक्षणिक दक्षता, मंच संचालन की प्रतिभा और विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों में उनके सक्रिय योगदान के रूप में देखा जा रहा है।
दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका ने आयोजन की सफलता में विशेष योगदान दिया।



