उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

कूटा ने राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य का किया स्वागत, शिक्षकों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

संविदा प्राध्यापकों को यूजीसी नियमानुसार वेतन देने और वरिष्ठ प्रोफेसरों को लेवल-15 प्रदान करने की उठाई मांग

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य दिनेश आर्य का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान कूटा पदाधिकारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और नैनीताल क्षेत्र की सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

कूटा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में संविदा प्राध्यापकों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमानुसार वेतन देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संघ ने कहा कि संविदा प्राध्यापकों को नियमानुसार वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। इसके साथ ही वरिष्ठ प्रोफेसरों को लेवल-15 प्रदान करने, 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके प्राध्यापकों को नियमित करने तथा समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया गया।

ज्ञापन में शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ ही नैनीताल की सड़क व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया। कूटा ने सीआरएसटी चुंगी मार्ग और पॉलिटेक्निक चुंगी रोड की खराब स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए दोनों मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। संघ ने कहा कि इन मार्गों की मरम्मत होने से स्थानीय लोगों सहित विद्यार्थियों और अन्य राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

कूटा पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य शिक्षकों की समस्याओं और क्षेत्र की जनसुविधाओं से जुड़े इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करेंगे।

इस अवसर पर कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, डॉ. भुवन आर्य और डॉ. दीपक मेलकानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement