उत्तराखण्ड ख़बरें गढ़वाल हरिद्वार

उत्तराखंड में गणपति विसर्जन के दौरान गंगा में बही नाबालिग किशोरी

पाइप के भीतर जाने की आशंका; जल पुलिस और SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

हरिद्वार। लालजीवाला क्षेत्र में गणपति विसर्जन के दौरान देहरादून से परिवार के साथ हरिद्वार पहुंची एक नाबालिग किशोरी गंगा के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गंगा में किशोरी की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, केशव बस्ती, डोईवाला, देहरादून निवासी किशोरी अपने परिवार के साथ गणपति विसर्जन के लिए लालजीवाला क्षेत्र में पहुंची थी। गणपति विसर्जन के दौरान अचानक किशोरी का पैर फिसल गया और वह गंगा की धारा में जा गिरी। देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव में बहने लगी।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में गंगा के पानी के डायवर्जन के लिए करीब 1200 एमएम के कंक्रीट थिक वॉल आरसीसी ड्रेनेज पाइप लगाए गए हैं, जिनके ऊपर रपटा बनाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंगा में बहने के बाद किशोरी इसी पाइप के भीतर चली गई। इसके बाद वह दिखाई नहीं दी।

घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गंगा में किशोरी की तलाश शुरू की। टीम द्वारा संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पाइप के आसपास और गंगा के बहाव वाले क्षेत्र में भी किशोरी की तलाश की जा रही है।

किशोरी के गंगा में बहने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ लगी रही। परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और किशोरी के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

फिलहाल एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। किशोरी की स्थिति और रेस्क्यू अभियान के संबंध में अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Advertisement