उत्तर प्रदेश क्राइम ख़बरें

फ्रिज-ड्रम के बाद अब लकड़ी के बक्से में मिला शव, खून से लथपथ युवक की लाश से मचा हड़कंप

सनसनीखेज वारदात: लकड़ी के बक्से में मिली युवक की खून से लथपथ लाश, हाईवे किनारे माइनर में फेंका था शव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब हाईवे किनारे माइनर में एक लकड़ी के बक्से के अंदर युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। शव की हालत देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, निगोहां से कुछ पहले भावखेड़ा गांव के पास हाईवे किनारे स्थित माइनर में ग्रामीणों को एक संदिग्ध लकड़ी का बक्सा दिखाई दिया। बक्से से खून निकलता देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामबाबू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बक्से को बाहर निकलवाकर जब उसे खोला तो अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ। शव खून से लथपथ था और उसे बक्से में ठूंसकर रखा गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र से भी जानकारी जुटाई।

कहीं और हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और इसके बाद देर रात शव को लकड़ी के बक्से में रखकर हाईवे किनारे माइनर में फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार-मंगलवार की रात की हो सकती है। पहली नजर में शव करीब 48 घंटे या उससे अधिक पुराना प्रतीत हो रहा है।

मृतक की उम्र करीब 32 से 34 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में पूछताछ करने के साथ-साथ हाल में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मृतक का मिलान कर रही है।

पहचान और हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब मृतक की पहचान के साथ हत्या के कारणों और वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बक्से को वहां कब और किस वाहन से लाया गया था।

फिलहाल शव की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस के सामने मृतक की शिनाख्त करना सबसे बड़ी चुनौती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चलने की उम्मीद है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Advertisement