उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

नैनीताल के बेतालघाट में देर रात घर में गुलदार(तेंदुआ)घुसने से मचा हड़कंप, वीडियो…

बेतालघाट में घर में घुसा गुलदार, कुत्ते को बनाया निवाला; वन विभाग ने किया रेस्क्यू

रिपोर्टर गुड्डू सिह ठठोला

बेतालघाट। नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में रविवार देर रात एक वयस्क गुलदार के घर में घुस जाने से हड़कंप मच गया। तल्ली सेठी गांव में गुलदार ने घर के अंदर मौजूद एक कुत्ते को मार डाला।

गुलदार की मौजूदगी से परिवार में दहशत फैल गई। हालांकि सूझबूझ दिखाते हुए घर में रह रही बुजुर्ग महिला ने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी और गुलदार को एक कमरे में बंद कर दिया।

जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। गांव में गुलदार के घर में घुसने की खबर तेजी से फैलने के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी और गुलदार को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की मांग की।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सुबह मौके पर पहुंची। टीम ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने के साथ ही बेहद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद गुलदार को ट्रैंक्विलाइज किया गया और उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया गया।नैनीताल के बेतालघाट में देर रात घर में गुलदार(तेंदुआ)घुसने से मचा हड़कंप, वीडियो…

गुलदार के रेस्क्यू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद गांव में वन विभाग की टीम की कार्रवाई को लेकर भी ग्रामीणों ने संतोष जताया।

वहीं, क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी से लोगों में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Advertisement