गहरी खाई में गिरी कार, तल्लीताल पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल भेजा
नैनीताल। नैनीताल-भवाली मार्ग पर भूमियाधार के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, 03 अक्टूबर 2026 को कोतवाली तल्लीताल को डीसीआर के माध्यम से भूमियाधार के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चौकी ज्योलीकोट से पुलिस बल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। मौके पर पहुंचने पर हरियाणा नंबर HR 36 AP 2156 की स्कॉर्पियो करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी मिली।
बताया गया कि वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक देवदास पुत्र कर्मवीर, निवासी करनाल, हरियाणा, उम्र 21 वर्ष की मौत हो गई। वहीं चार अन्य सवार घायल हो गए।
घायलों में राहुल पुत्र धर्मवीर, निवासी करनाल, उम्र 22 वर्ष शामिल हैं, जिन्हें कंधे और सीने में दर्द की शिकायत बताई गई है। उनके शरीर पर कोई खुली चोट नहीं पाई गई। इसके अलावा रविंद्र पुत्र राजवीर, निवासी नरूकी, करनाल, उम्र 27 वर्ष, विनोद रणवीर पुत्र रणवीर सिंह, निवासी करनाल, उम्र 30 वर्ष और विक्रम पुत्र बिजेंद्र, निवासी समालखा, पानीपत, हरियाणा, उम्र 34 वर्ष भी हादसे में घायल हुए हैं।
पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों का रेस्क्यू किया और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

