उत्तराखण्ड नैनीताल हल्द्वानी

हल्द्वानी : 6 माह से खुदी पड़ी सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा, निर्माण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित वार्ड-19 की विष्णुपुरी क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के बाद महीनों से सड़क का पुनर्निर्माण नहीं होने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

समाजसेवी विशाल वर्मा एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने प्रशासन, जल निगम और स्थानीय पार्षद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि विष्णुपुरी मंदिर गली नंबर-10 में पिछले छह माह से तथा गली नंबर-9 में करीब दो माह से सड़क खोदी हुई है। सीवर लाइन का कार्य पूरा होने के बावजूद जल निगम द्वारा अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड-19 के भाजपा पार्षद राजेंद्र कुमार अग्रवाल (मुन्ना) को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन छह माह से केवल आश्वासन ही मिल रहा है। उनका कहना है कि पार्षद क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने कहा कि सड़क लंबे समय से खुदी होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। धूल-मिट्टी के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल निगम विकास के बजाय क्षेत्र को बदहाल करने का काम कर रहा है।

विशाल वर्मा ने कहा कि शहरभर में सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है और कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाना चाहिए, लेकिन अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही के चलते सड़क निर्माण में 8 से 10 महीने तक का समय लगाया जा रहा है। इससे लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है।

अंजलि वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

समाजसेवियों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर स्थानीय पार्षद और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।