सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, कॉल डिटेल और तकनीकी जांच से खुली साजिश की परतें, प्रेमी सहित पत्नी गिरफ्तार
मेरठ की मुस्कान और सोनम रघुवंशी जैसी निकली बिहार की डेजी परवीन : कुवैत से लौटे पति का प्रेमी से करवाया कत्ल
किशनगंज (बिहार)। बिहार के किशनगंज जिले में एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। बिशनपुर थाना क्षेत्र के टंगटंगी गांव में हुई रिजवान आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी डेजी परवीन और उसके कथित प्रेमी अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पति की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई की रात रिजवान आलम की घर में सोते समय लोहे की रॉड से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर से दोनों मोबाइल फोन गायब कर दिए गए और कमरे का सामान बिखेर दिया गया, ताकि घटना को चोरी के दौरान हुई हत्या का रूप दिया जा सके।
दो दिन तक करती रही मातम, पुलिस को सुनाई झूठी कहानी
हत्या के बाद डेजी परवीन ने पुलिस और ग्रामीणों के सामने खुद को बेबस पत्नी के रूप में पेश किया। वह लगातार रोती रही, अन्न-जल त्यागने की बात कही और हत्यारों को फांसी देने की मांग करती रही। उसने पुलिस को बताया कि रात में किसी समय उसके पति ने दरवाजा खोला होगा और बाद में उसने पति को खून से लथपथ देखा। उसकी कहानी पर शुरुआत में सभी को भरोसा हो गया।
CDR और तकनीकी जांच से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में डेजी के बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने पड़ोसी अनवर हुसैन को हिरासत में लेकर दोनों से आमने-सामने पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश स्वीकार कर ली।
नौ साल पुराने प्रेम संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि रिजवान आलम रोजी-रोटी के लिए वर्षों से कुवैत में काम करता था। इसी दौरान उसकी पत्नी डेजी परवीन के गांव के ही अनवर हुसैन से कथित प्रेम संबंध बन गए, जो करीब नौ वर्षों से चल रहे थे। दो महीने पहले रिजवान के स्थायी रूप से घर लौटने के बाद दोनों के मिलने-जुलने में परेशानी आने लगी। पुलिस के अनुसार, रिजवान को भी इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते घर में विवाद बढ़ने लगा। इसी के बाद दोनों ने हत्या की योजना बनाई।
पत्नी ने खोला दरवाजा, प्रेमी ने सोते हुए किया हमला
पुलिस के अनुसार, वारदात की रात रिजवान के गहरी नींद में सो जाने के बाद डेजी ने अपने प्रेमी को फोन कर घर बुलाया और मुख्य दरवाजा खुला छोड़ दिया। अनवर लोहे की रॉड लेकर घर में घुसा और सो रहे रिजवान के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने कमरे का सामान बिखेरकर और मोबाइल फोन गायब कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पत्नी के नाम खरीदी थी जमीन और मकान
ग्रामीणों के अनुसार, रिजवान कुवैत में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदी और मकान भी बनवाया था। विदेश से लगातार पैसे भेजकर उसने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने की कोशिश की, लेकिन उसी घर में उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या में प्रयुक्त रॉड और मोबाइल बरामद
प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और गायब किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
