क्राइम ख़बरें राष्ट्रीय

प्रेम प्रसंग में पति बना बाधा, पत्नी ने कथित प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट; शव झाड़ियों में फेंका

ख़बर शेयर करें

पति बना रास्ते का रोड़ा तो पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कर दी हत्या; दिल दहला देने वाला कांड

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कसौली विधानसभा क्षेत्र की बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की कथित तौर पर उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात मृतक के घर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के बाद पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने वारदात को छिपाने की कोशिश की और शव को घर से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक टी.एस.डी. वर्मा ने बताया कि हत्या के मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।

शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कथित प्रेम प्रसंग को एक प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं और पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़कर सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है।