उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

हल्द्वानी में मानसून अलर्ट: नालों और गोला नदी किनारे रहने वाले 150 परिवारों को नोटिस

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। आगामी मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव के खतरे को देखते हुए हल्द्वानी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपजिलाधिकारी कार्यालय की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को एहतियाती नोटिस जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि से बचा जा सके।

बुधवार को उपजिलाधिकारी हल्द्वानी, तहसीलदार हल्द्वानी और राजस्व उप निरीक्षक काठगोदाम ने रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला तथा गोला नदी के आसपास स्थित संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन स्थानों का जायजा लिया, जहां मानसून के दौरान जलस्तर बढ़ने और जलभराव की आशंका बनी रहती है।

निरीक्षण में संभावित रूप से प्रभावित होने वाले करीब 150 भवनों और अन्य संरचनाओं को चिह्नित किया गया। इसके बाद संबंधित परिवारों को लगभग 150 नोटिस जारी किए गए। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि भारी बारिश के दौरान नालों और नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसे में प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की सलाह दी गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे बारिश के दौरान नदी और नालों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।

उपजिलाधिकारी कार्यालय ने बताया कि मानसून के पूरे सीजन में संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और सतर्कता बरतने की अपील की है।