भीमताल। राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने विकासखंड धारी के सुन्दरखाल एवं अर्नपा क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए स्थानीय समस्याओं, विकास से जुड़े मुद्दों और ग्रामीणों के सुझावों को विस्तार से सुना। पनेरु ने कहा कि क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता है।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेयजल समेत क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में आज भी कई मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान ग्रामीणों ने राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भीमताल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने उन्हें अपना समर्थन और आशीर्वाद देने का भरोसा भी जताया। ग्रामीणों के आग्रह पर पनेरु ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति से अधिक जनता के बीच रहकर जनसमस्याओं के लिए संघर्ष करना है।
हरीश पनेरु ने कहा कि “जनता के बीच रहना, जनता की आवाज उठाना और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष करना ही मेरा संकल्प है।” उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास की अनेक संभावनाएं हैं और क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर समझना चाहिए। उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्रवासियों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाया जाए और विकास से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संघर्ष किया जाए।
ग्रामीणों के साथ हुई इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पनेरु ने अपने आगामी अभियान को “मिशन 2027—भीमताल के विकास और परिवर्तन के लिए” का नाम देते हुए जनता के सहयोग से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की बात कही।
