सोनम-मुस्कान से बेरहम है अर्चना! पहले पति को छोड़कर की दूसरी शादी, 45 दिन बाद नए हसबैंड की हत्या, सोते समय लकड़ी के मुगदर से मारा
जमीन-जायदाद को लेकर हुआ विवाद, सोते समय मुगदर से वार कर उतारा मौत के घाट; ब्लाइंड मर्डर केस का पन्ना पुलिस ने किया खुलासा
पन्ना (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां शादी के महज 45 दिन बाद एक महिला ने अपने पूर्व पति के साथ मिलकर अपने वर्तमान पति की कथित हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी अर्चना और उसके पूर्व पति रामप्रताप को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है।
पन्ना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नन्नू सोनी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला रहस्यमयी मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन और संदिग्धों की गतिविधियों के विश्लेषण के बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि आरोपी महिला अर्चना का अपने पहले पति रामप्रताप से पहले से विवाद चल रहा था। इसी बीच उसने मई 2025 में नन्नू सोनी से कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के शुरुआती दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जल्द ही दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा।
जांच में सामने आया कि अर्चना लगातार नन्नू सोनी पर अपनी जमीन-जायदाद अपने बच्चों के नाम करने का दबाव बना रही थी। नन्नू ने ऐसा करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद गहरा गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद अर्चना ने अपने पूर्व पति रामप्रताप से संपर्क किया और दोनों ने मिलकर नन्नू को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची।
पुलिस जांच के अनुसार, 10 जुलाई 2025 की रात रामप्रताप चोरी-छिपे नन्नू सोनी के घर पहुंचा। उस समय नन्नू गहरी नींद में था। आरोप है कि अर्चना और रामप्रताप ने मिलकर लकड़ी के भारी मुगदर से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों ने घटना को सामान्य दिखाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए।
हत्या के बाद दोनों आरोपी अपने बच्चों को साथ लेकर मध्य प्रदेश से भाग निकले। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और मोबाइल लोकेशन सहित तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन गुजरात के सूरत में ट्रेस की। इसके बाद पन्ना पुलिस की टीम ने सूरत पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर पन्ना ले आई।
पुलिस का कहना है कि शुरुआत में यह पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर केस था। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मृतक के पारिवारिक संबंधों, कॉल रिकॉर्ड और तकनीकी जांच के दौरान पत्नी की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
यह सनसनीखेज मामला एक बार फिर दर्शाता है कि लालच, संपत्ति विवाद और निजी रिश्तों में बढ़ता तनाव किस तरह एक परिवार को बर्बाद कर सकता है। शादी के महज 45 दिन बाद पति की हत्या की कथित साजिश में पत्नी और उसके पूर्व पति की भूमिका सामने आने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
