हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान को लेकर भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले को दलित अपमान से जोड़ते हुए भाजपा को दलित विरोधी बताया और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के आरोपों को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब मुद्दाविहीन हो गई है और इसी कारण शुद्धिकरण के मामले को तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़ रही है।
धार्मिक मंच के शुद्धिकरण को लेकर CM धामी का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान धर्म विरोधी नारे लगाए गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मैदान में काफी गंदगी भी हो गई थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, चूंकि वहां धार्मिक आयोजन का मंच था, इसलिए कुछ स्वयंसेवी संस्था से जुड़े लोगों ने उसका शुद्धिकरण किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण करने वाली संस्था का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरी घटना को राजनीतिक रंग देकर कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।
‘उत्तराखंड में खड़गे जी की जाति तक किसी को पता नहीं’
मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड ऐसा राज्य है जो सभी को आत्मसात करता है। यहां जाति और पार्टी के आधार पर भेदभाव की राजनीति को महत्व नहीं दिया जाता।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में तो किसी को यह भी पता नहीं कि खड़गे जी किस जाति के हैं, ऐसे में यहां कोई किसी का जातिगत आधार पर अपमान कैसे कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सामाजिक संस्कृति सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली रही है।
कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को वर्तमान में कोई ठोस राजनीतिक मुद्दा नहीं मिल रहा है। इसलिए वह शुद्धिकरण जैसे मामले को भी राजनीतिक विवाद बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।
हल्द्वानी में खड़गे के कथित अपमान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ी बयानबाजी से प्रदेश की सियासत गरमा गई है।
राहुल गांधी की ओर से एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग और मुख्यमंत्री धामी के पलटवार के बाद आने वाले दिनों में यह मुद्दा और राजनीतिक तूल पकड़ सकता है।
