रायगढ़ में बाढ़ का बड़ा खतरा: पातालगंगा नदी में बह गए 3000 एलपीजी सिलेंडर, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
बाढ़ में बह गए हजारों गैस सिलेंडर, ब्लास्ट के खतरे को देखते हुए हाई अलर्ट जारी
रायगढ़ (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से भारी बारिश के बीच एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। पनवेल तालुका स्थित HPCL पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 3,000 एलपीजी गैस सिलेंडर तेज बहाव में बहकर पातालगंगा नदी में चले गए। इनमें भरे हुए और खाली दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण प्लांट परिसर में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे बड़ी संख्या में सिलेंडर नदी में बह गए। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल हाई अलर्ट जारी करते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों से किसी भी बहकर आए सिलेंडर को हाथ न लगाने की अपील की है।
रायगढ़ के जिला कलेक्टर किशन जावले ने कहा कि यह पता नहीं है कि बह रहे सिलेंडरों में गैस भरी है या नहीं और वे सुरक्षित स्थिति में हैं या नहीं। ऐसे में उन्हें उठाना, खोलने की कोशिश करना या घर ले जाना जानलेवा साबित हो सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव और पत्थरों से टकराने के कारण सिलेंडरों में गैस रिसाव या विस्फोट का खतरा भी बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन, रेस्क्यू टीमें और संबंधित एजेंसियां नदी में बह गए सिलेंडरों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में जुटी हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नदी या उसके किनारे कोई गैस सिलेंडर दिखाई दे तो उसे छूने के बजाय तुरंत स्थानीय पुलिस या कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दें।
