ख़बरें राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर में बारिश बनी महाविनाश, बाढ़-भूस्खलन से 23 की मौत, 7 लापता; पुंछ में एक ही परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करें

जम्मू-कश्मीर। रविवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जम्मू-कश्मीर में भारी तबाही मचा दी है।

लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। सबसे अधिक प्रभावित पुंछ, राजौरी और डोडा जिले हैं, जहां जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

सबसे दर्दनाक घटना पुंछ जिले के लोरन-डुमिलान क्षेत्र में हुई, जहां भारी बारिश के चलते पहाड़ी से मिट्टी और मलबा एक मकान पर आ गिरा।

मकान पूरी तरह दब गया, जिससे एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

राजौरी जिले में बाढ़ का विकराल रूप देखने को मिला। तेज बहाव अपने साथ 100 से अधिक वाहनों को बहा ले गया। कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहीं बडगाम जिले के बीरवाह क्षेत्र में सुखनाग नदी उफान पर है। नदी के तेज बहाव में लगभग दो दर्जन दुकानें बह गईं, जबकि मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित एक बड़ा नगर पालिका शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी भरभराकर ढह गया। इस आपदा में करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

बाढ़ के कारण कई इलाकों में पेयजल पाइपलाइनें टूट गई हैं और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से अनेक गांवों का संपर्क बाकी क्षेत्रों से कट गया है। प्रशासन के सामने राहत और बचाव कार्य बड़ी चुनौती बन गया है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार के लिए पूरे कश्मीर क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। सैकड़ों बेघर परिवारों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।

एसडीआरएफ, पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। बचाव दल के अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर दुकानों और घरों से सामान निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन अचानक इमारतें ढहने और तेज बहाव के कारण अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और बिना आवश्यकता घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।