उत्तराखण्ड ख़बरें नैनीताल

नैनीताल नंदा देवी महोत्सव में फ्लैट्स मैदान में दो गुट भिड़े; हेलमेट-कुर्सियों से हमला, मारपीट का वीडियो वायरल

नंदा देवी मेले के दौरान पकौड़ी वाली दुकान में एक दूसरे के ऊपर चले हेलमेट और कुर्सियां

डोले के विसर्जन के बाद देर रात खाने के स्टॉल के पास हुआ विवाद, देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर चले लात-घूंसे और कुर्सियां; इससे पहले मंगलवार रात भी व्यापारी और सफाईकर्मियों के बीच हुआ था विवाद

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। मां नंदा देवी महोत्सव के दौरान नैनीताल के फ्लैट्स मैदान में हुई मारपीट की घटनाओं ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात मां नंदा-सुनंदा के डोले के विसर्जन के बाद फ्लैट्स मैदान में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई।

इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर कुर्सियां और हेलमेट से हमला किया गया। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, नंदा देवी महोत्सव के तहत फ्लैट्स मैदान में बड़ी संख्या में दुकानें और खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए थे। यहां कपड़े, बर्तन, खान-पान की सामग्री के साथ ही बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए थे। बुधवार को डोले के विसर्जन के बाद देर रात भी मेले में काफी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान एक खाद्य स्टॉल के पास किसी बात को लेकर दो गुटों में विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसके बाद मौके पर जमकर लात-घूंसे चले। कुछ युवकों ने स्टॉल के बाहर रखी कुर्सियों को उठाकर एक-दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक युवक द्वारा हाथ में पकड़े हेलमेट से दूसरे पक्ष पर हमला करते हुए भी वीडियो में देखा जा रहा है। अचानक हुई मारपीट से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मंदिर क्षेत्र में पुलिस तैनात, फ्लैट्स मैदान में निगरानी पर सवाल
महोत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर क्षेत्र और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों और खुफिया तंत्र की मौजूदगी भी रही। हालांकि, मेले के फ्लैट्स मैदान में दुकानों और झूलों के आसपास देर रात पर्याप्त पुलिस निगरानी नहीं होने का आरोप सामने आया है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि मेले में देर रात तक बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहते हैं। ऐसे में खाद्य स्टॉल, दुकानों और झूलों के आसपास पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी जरूरी थी। वायरल वीडियो में जिस तरह खुलेआम मारपीट और कुर्सियां चलती दिखाई दे रही हैं, उससे मेले में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मंगलवार रात भी हुआ था विवाद
फ्लैट्स मैदान में मारपीट की यह पहली घटना नहीं है। इससे एक रात पहले मंगलवार को भी मेले में दूध और कुल्फी का स्टॉल लगाने वाले एक व्यापारी का सफाईकर्मियों के साथ विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई और थप्पड़ भी चले। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।
लगातार दो रात सामने आईं मारपीट की घटनाओं के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी और नियमित निगरानी आवश्यक है।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement